
भारतीय लोक कला मंडल के मुक्ताकाशी रंगमंच पर आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान की लोक परंपराएं जीवंत होती नजर आईं। कार्यक्रम जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ और एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना और लोक कला मंडल के निदेशक डॉ. लइक हुसैन ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में धर्मेंद्र कुमार और ग्रुप ने चरी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, वहीं लुंबाराम ने भवाई नृत्य के माध्यम से कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया। किशन के निर्देशन में महिला कलाकारों ने तेरहताल की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके अलावा मोहनलाल डांगी एवं दल ने कठपुतली कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। केसुलाल एवं दल ने गवरी नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि जैसलमेर के मोती खान एवं दल की गायकी ने माहौल को सुरमयी बना दिया। बाड़मेर की लीला देवी ने कालबेलिया, मीना देवी एवं दल ने घूमर और करुणा वर्मा ने चारी नृत्य की प्रस्तुति दी।
01 May 2026